तमकुहीराज। स्थानीय ब्लॉक के गांव रामपुर राजा के ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ घटतौली और कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए तमकुहीराज तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने तहसील दिवस में एसडीएम तमकुहीराज को कोटेदार के खिलाफ शिकायती पत्र सौंप कार्रवाई की मांग की है। तमकुहीराज ब्लॉक क्षेत्र के गांव रामपुर राजा के नाराज ग्रामीण शनिवार को सुनील भारती, अकलू चौहान, आरएस पांडेय, विकास कुशवाहा आदि के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे। वहां कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार सस्ते राशन का वितरण करने के बजाए उपभोक्ताओं का बायोमिट्रिक कराकर कालाबाजारी करने वालों के हवाले कर दे रहा है। कोटेदार से राशन की मांग करने पर वह ग्रामीणों से बदसलूकी कर रहा है।
ग्रामीणों ने तहसील दिवस में शिकायतों का निपटारा कर रहे एसडीएम ऋषभ देवराज पुंडीर को शिकायती पत्र सौंपा। वीडियो उपलब्ध कराते हुए बताया कि उन्होंने इसका विरोध करते हुए समस्त ग्रामीणों ने राशन लेने का बहिष्कार कर दिया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने सप्लाई विभाग को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।