पिपरा कनक चौराहे पर लगातार हो रही दुर्घटना से बचाव के लिए स्पीड़ ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर
पिपरा कनक। समउर-फाजिलनगर मार्ग स्थित पिपरा कनक चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। आरोप है कि चौराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के चलते तेज रफ्तार वाहनों के आवागमन से आए दिन हादसे हो रहे हैं,जिसमें राहगीर चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार बेपरवाह हैं।
एनएच-27 से निकले फाजिलगनर- समउर मार्ग के किनारे पटहेरवा, बसंतपुर, बंजारी टोला, चैन पट्टी, महरु टोला धुसवा, मठिया, करजहां, करमहा, नरहवां, बसडीला आदि गांव स्थित हैं। इस मार्ग पर पिपरा कनक चौराहे पर वाहनों की गति में अवरोध करने के लिए स्पीड ब्रेकर नहीं होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे सद्दाम हुसैन, क्यूम सिद्दीकी, अहमद रजा शम्शी, जियाउल खान, अजीजुर्रहमान, हसरुदीन अहमद, हासिम रजा, जुबैर अहमद, अबरे आलम ने कहा कि 26 जुलाई को तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आने से विशनपुरा थाना क्षेत्र के गांव अमही निवासी नौशाद की मौत हो गई थी। यहां पर 28 जुलाई 2026 को बिहार के जमुनहा निवासी गुड्डू चार पहिया वाहन से घायल हो गए थे। 30 जुलाई 2026 को दो बाइक की टक्कर हो गई थी। कटेया थाना के कटेया निवासी राजू मद्धेशिया गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि पीडब्ल्यूडी को अवगत कराए जाने के बावजूद अब तक स्पीड ब्रेकर नहीं बनवाया गया है। इस संबंध में जेई जितेंद्र यादव ने कहा कि हादसे वाले स्थल की जांच कर विभागीय उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उनके तरफ से मिले निर्देश के मुताबिक कार्य कराया जाएगा