कच्ची सड़क को पक्का कराने की मांग कर रहे थे ग्रामीण
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पडरौना। बनकटा बाजार क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोइलसवा बुजुर्ग के महुआ टोला में शनिवार की दोपहर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगाें ने गांव की बदहाल कच्ची सड़क को पक्का कराने की मांग की।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे रामप्रवेश यादव ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क कच्ची है। सड़क पर बारिश का पानी एकत्र होने से जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। सड़क क्षतिग्रस्त होने की वजह से बाइक और चार पहिया वाहनों को आवागमन में सबसे अधिक परेशानी होती है।
बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भी परेशान होना पड़ता है। सड़क के आस-पास रहने वाले लोगों को जलजनित बीमारियां होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने चेताया कि यदि गांव की यह सड़क शीघ्र नहीं बनी तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान अखिलेश यादव, नीशू यादव, विंध्याचल यादव, रवींद्र राजभर, राकेश राजभर, उमाशंकर चौहान, संतोष यादव, विचंडी राजभर, उमेश , जितेंद्र कुमार, बांका यादव आदि मौजूद रहे।
कोट
ग्राम सभा की तरफ से इस सड़क को बनवाने के लिए प्रस्ताव मिला है। स्वीकृति के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। धन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- रविरंजन, बीडीओ, फाजिलनगर