कसया। नगर के सीएचसी में शुक्रवार की रात हादसे में घायल युवक का मेडिकल कराने के नाम पर रुपये लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें युवक की ओर से पांच सौ रुपये लेने की बात कही जा रहा है। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
कसया थाना क्षेत्र के कुड़वा दिलीपनगर निवासी संदीप सिंह ने सीएचसी में मेडिकल के नाम पर धन उगाही के संबंध में डीएम और सीएमओ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो में बताया जा रहा है कि प्रियेश गोंड़ ग्राम सिंदुरिया पोस्ट पटहेरवा थाना कसया के निवासी हैं। अलावल पट्टी के पास हादसे में घायल हो गए। गांव के संदीप सिंह उनको कसया सीएचसी लाए। आरोप है कि सीएचसी के एक कर्मचारी ने मेडिकल के नाम पर 500 रुपये ले लिया। वापस करने पर मात्र 100 रुपये ही दिया। सीएचसी के डॉक्टर से शिकायत करने पर कर्मचारी ने डांटकर भगा दिया और रुपये वापस नहीं किया। सीएचसी प्रभारी डाॅ. मार्कंडेय चतुर्वेदी ने बताया कि मरीज और स्टॉफ में तू-तू मैं-मैं हो गई थी। दोनों ने समझौता कर लिया है।