- पडरौना के चकबंदी कार्यालय में है लेखपाल की तैनाती, राजस्व विभाग में भेजने के लिए जारी हुआ है पत्र
- बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी बोले- शनिवार को बुलाकर पूछताछ करेंगे लेखपाल से
कुशीनगर। पडरौना के चकबंदी कार्यालय में तैनात एक लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो वायरल हो रहा है। इसकी चर्चा शुक्रवार को खूब रही। वीडियो वायरल होने का मामला राजस्व और चकबंदी अधिकारियों के संज्ञान में है। संबंधित अफसरों का कहना है कि इस बारे में पूछताछ की जाएगी।
पडरौना के चकबंदी कार्यालय में तैनात लेखपाल वीडियो में कुछ लोगों से बातें करते दिख रहे हैं। साथ ही मोड़कर दिए जा रहे कुछ नोट अपने हाथ में लेने के बाद जेब में रखते दिख रहे हैं। मामला शाम को अफसरों के संज्ञान में आया, लेकिन नए शासनादेश को लेकर अफसर भी असमंजस में हैं।
एसडीएम सदर महात्मा सिंह ने बताया कि शासन की तरफ से आदेश हुआ है कि चकबंदी विभाग के कुछ लेखपालों का तबादला राजस्व विभाग में किया जाना है। उनमें इस चकबंदी लेखपाल का नाम भी शामिल है, लेकिन लेखपाल की ज्वाॅइनिंग के संबंध में अभी कोई शासनादेश प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए ज्वाॅइन नहीं कराया गया है। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है, लेकिन राजस्व विभाग में न होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी आलोक कुमार ने बताया कि शासन की तरफ से आदेश मिल गया है। चकबंदी विभाग के कुछ लेखपालों का प्रतिनियुक्ति पर राजस्व विभाग में स्थानांतरण होना है। इस चकबंदी लेखपाल का भी नाम उसमें शामिल है। आदेश बन गया है। शाम को वीडियो देखा है। शनिवार को बुलाकर इस बारे में लेखपाल से पूछताछ की जाएगी।