कसया। थाना क्षेत्र के चिरगोडा गांव में सोमवार की रात बरात में आर्केस्ट्रा में अश्लील गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार के पुरुषों के साथ महिलाओं को भी पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में पीड़ित कह रहा है कि चिरगोडा निवासी लल्लन पटेल के घर सोमवार की रात बरात आई थी। उसमें अश्लील गाना बजाया जा रहा था। गांव के साहिल अंसारी के भाई ने आपत्ति जताई और गाना बंद करने को कहा। आरोप है कि इस बात पर कुछ युवकों ने उसकी पिटाई कर दी।
साहिल अंसारी का कहना है कि सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उनके भाई के साथ-साथ उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उनकी पत्नी और मां के साथ भी मारपीट की गई। घटना में घायल लोग जिला अस्पताल पहुंचकर इलाज कराए।
उधर, घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित अपनी चोटों को दिखाते हुए और आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है। मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में कसया एसओ अभिनव मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।