पडरौना। स्कूल वाहनों में छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत सभी विद्यालयों के वाहनों का सत्यापन के साथ ही उनका डाटा भी फीड किया जा रहा है।
जिले में संचालित अलग-अलग निजी विद्यालयों में छोटे-बड़े कुल 1667 वाहन संचालित हैं। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के तहत पंजीकृत इन स्कूल वाहनों को अब सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष अभियान के तहत संस्थान के विद्यार्थियों को लाने और ले जाने सहित अन्य पूरा विवरण विभाग की तरफ से जारी पोर्टल पर दर्ज कराना अनिवार्य हो गया है। पोर्टल पर डाटा फीड करने के लिए विभाग ने प्रबंधक और प्रधानाचार्यों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया है।
प्रशिक्षण लेने के बाद 131 विद्यालय संचालकों ने 472 स्कूली वाहनों का डाटा विभागीय पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। इसके साथ ही विभागीय कर्मचारियों की तरफ से 102 विद्यालयों का डाटा भी सत्यापन का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। एआरटीओ मोहम्मद अजीम ने बताया कि विद्यालयों को अपने यू-डाइस कोड के माध्यम से प्रवेश कर विद्यालयों का पूरा विवरण 15 अप्रैल तक भरना होगा। इसमें विद्यालयों का पूरा पता, प्रबंधक या प्रधानाचार्य का विवरण, सभी संचालित वाहनों की जानकारी का पूरा विवरण फीड करना होगा। विभाग इन विवरण का सत्यापन कराएगा।