-हाईवे पर सड़क से चिपका था महिला का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त
-सड़क से चिपके शव को खुरचकर पन्नी में भर पोस्टमार्टम को भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। हाटा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे के तितला चौराहे पर महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। हालत में सड़क से चिपका मिला। पूरी रात महिला की लाश को वाहन रौंदते रहे, लेकिन किसी की नजर नहीं पड़ी। सड़क से चिपके शव को खुरचकर पुलिस ने पन्नी में अवशेष भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राहगीर लाश की गति देख पुलिस को कोस रहे थे। लोगों का कहना था कि रात में पुलिस अगर गश्त करती तो लाश की शायद यह दुर्गति नहीं हुई होती।
तितला चौराहे पर सोमवार की रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे पर क्षत-विक्षत शव पड़ा है। उसके ऊपर से गाड़ियां गुजर रही हैं। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे चौकी इंचार्ज संदीप सिंह ने देखा कि सिर और पांव पूरी तरह से कुचल चुका था। महिला लाल और हरे रंग की साड़ी पहनी थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को सड़क से खुरचकर पन्नी में भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। शव इस कदर कुचल चुका था कि पहचान नहीं हो पाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतका की उम्र 50 से 55 वर्ष के बीच है। वहीं, सोशल मीडिया पर तस्वीर भेजकर पुलिस शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। इंस्पेक्टर राजप्रकाश सिंह ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है। देर रात हादसा होने के चलते इसकी जानकारी भी नहीं हुई। शव के अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।