पूर्व प्रधान और सचिव से 17 लाख रुपये की होगी वसूली
- शौचालय के निर्माण में गबन का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। विकास खंड दुदही स्थित चाफ गांव की पूर्व प्रधान और तत्कालीन सचिव से 17,16000 रुपये की वसूली की जाएगी। 143 शौचालय के गबन के मामले में डीपीआरओ की रिपोर्ट पर डीएम ने 24 जनवरी को रिकवरी के लिए निर्देश जारी कर दिया है। इस मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है।
चाफ गांव के श्याम बदन सिंह ने उच्च न्याय इलाहाबाद (प्रयागराज) में वाद दाखिल किया था। उन्होंने कोर्ट को बताया कि शौचालय के निर्माण कार्य के लिए मिली रकम का गबन कर लिया गया है। इसके बाद मामले की जांच के आदेश हुए। निदेशक जिला ग्राम्य अभिकरण कुशीनगर को जांच की जिम्मेदारी मिली।
उन्होंने तीन अक्तूबर को जांच पूरी करके अपनी रिपोर्ट उच्चधिकारियों को दे दी। जांच में पता चला कि 838 लाभार्थियों का शौचालय बनाने के लिए भुगतान किया जा चुका है। प्रति शौचालय बनाने के लिए 12,000 रुपये धनराशि दी गई थी, लेकिन इनमें 143 लोगों ने निर्माण कार्य नहीं कराया है। लाभार्थियों को धनराशि नहीं दी गई। इसलिए शौचायल का निर्माण नहीं हो सका। इस हिसाब से 143 शौचालयों के निर्माण में 17 लाख 16 हजार रुपये का गबन का मामला सामने आया।
कोट
रिकवरी के लिए रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई थी। डीएम ने आगे की कार्रवाई के लिए निर्देश कर दिया है। अब पूर्व प्रधान, सचिव से 143 शौचालय का पैसा वसूला जाएगा। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज है।
- अभय यादव, डीपीआरओ, कुशीनगर