पडरौना। कृष्णा साहा व विमलेश मल्ल की स्मृति में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के छठें दिन शुक्रवार को पडरौना और वाराणसी के बीच सेमीफाइनल मैच खेला गया। इसमें वाराणसी की टीम ने पडरौना को 77 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैन आफ द मैच वाराणसी के अर्पित को घोषित किया गया।
पडरौना के कप्तान किशन साहा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने आई वाराणसी की शुरूआत सलामी बल्लेबाजों ने तेजी से किया लेकिन जैसे ही एक छोर पर खड़े खिलाड़ी का विकेट गिरा तो टीम दबाव में आ गई। इसके बाद कप्तान वाराणसी अभिनव वर्मा ने अर्द्ध शतकीय पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया। निर्धारित 25 ओवर के मैच में छह विकेट खोकर वाराणसी की टीम ने कुल 187 रन बनाए। इसमें अभिनव वर्मा ने 63, अर्पित ने 35, अश्विनी ने 28 व अतुल शर्मा ने 24 रनों का योगदान दिया। पडरौना की तरफ से गेंदबाजी करते हुए दिग्विजय यादव, किशन साहा, वसीम खान ने दो-दो विकेट हासिल किए।
जवाब में उतरी पडरौना की टीम का पहला विकेट शून्य के स्कोर पर बिट्टू साहा का गिरा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए दिग्विजय यादव ने बेहतरीन पारी की शुरूआत की। लेकिन दूसरे छोर पर खड़े संजीव जायसवाल का विकेट गिर गया तो टीम दबाव का सामना करने लगी। इसके बाद चंदन गौंड़ ने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए दिग्विजय यादव का साथ दिया और एक अच्छी साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। चंदन और दिग्विजय का विकेट गिर गया तो कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी पार नहीं कर सका और पूरी टीम 110 रन के स्कोर पर आलआउट हो गई। वाराणसी की ओर से अर्पित, अभिषेक व भानु ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। वाराणसी की टीम ने मेजबान टीम को 77 रनों से पराजित करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। अंपायर बबलू सिंह व संदीप सिंह रहे। कमेंट्री प्रिंस तिवारी, अभिनव पाठक, राबिन गुप्ता ने किया। स्कोरर पंकज बर्नवाल रहे।
इसके पूर्व डॉक्टर प्रियेश त्रिपाठी, डॉक्टर पुष्कर यादव, विजेंद्र पाल यादव, अतुल मिश्र ने कृष्णा साहा व विमलेश मल्ल के चित्र पर पुष्पार्चन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ कराया। इस प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को सुबह 10 बजे से पटना और वाराणसी के बीच खेला जाएगा।
इस मौके पर सतीश साहा, ऋषिकेश मिश्र, मन्नू सिंह चंदेल, अजय साहा, लिंकन सिंह, मनीष गुप्ता, रिंकू मिश्र, प्रिंस मिश्र, सतीश रावत, प्रमोद चौरसिया, मुन्ना अली, सज्जाद अली, सुजीत गौंड़, इंजेश, निखिल, जाफर, कृष्णा रावत, इरफान पठान, बंटी, आदिल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।