11,614 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
- सोमवार को जिले के 161 केंद्रों पर हुआ टीकाकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। सोमवार को कोरोनारोधी टीका लगवाने वालों की संख्या में वृद्घि देखी गई। टीकाकरण केंद्र बढ़ाए जाने के कारण 11,614 लोगों ने टीका लगवाया। इस दिन 161 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे।
कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 11 से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाया जा रहा है। इस दरम्यान अधिक से अधिक लोगों के टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से सोमवार को जिले भर में 161 केंद्र बनाए गए थे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार को जिला अस्पताल स्थित एमएमसीएच विंग में दो, खड्डा क्षेत्र में आठ, नेबुआ नौरंगिया में छह, हाटा में नौ, फाजिलनगर में 14, रामकोला में 14, कप्तानगंज में 12, दुदही में 13, कसया में 13, कुबेरस्थान में 15, पडरौना के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक, पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय में एक, राजकीय महिला अस्पताल के प्रसवोत्तर केंद्र में एक, तमकुही क्षेत्र में 12, सुकरौली में 11, तरयासुजान में सात, मोतीचक में 12 और विशुनपुरा क्षेत्र में 10 सहित कुल 161 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ।
इस दिन 16020 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष छह स्वास्थ्यकर्मियों ने पहली व 46 ने दूसरी, 11 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने पहली एवं 36 ने दूसरी और 45 वर्ष से अधिक आयु के 9692 नगारिकों ने पहली तथा 1823 ने दूसरी डोज ली। इस तरह 9709 लोगों को पहला और 1905 को दूसरा टीका लगाया गया। शाम तक कुल 11,614 लोगों का टीकाकरण किया गया। खड्डा के विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने भी अपने निकट के केंद्र पर पहुंचकर टीका लगवाया।