पिकअप की चपेट में आने घायल को प्राइवेट एंबुलेंस से लेकर जाते परिजन व जुटी लोगों की भीड़।संवाद।
- फोटो : KUSHINAGAR
कसया थाना क्षेत्र के बनवारी टोला बाजार के पास देवरिया मार्ग पर मंगलवार की शाम करीब सात बजे पिकअप की चपेट में आकर बाइक सवार युवक घायल हो गया। आसपास के लोगों ने युवक को कसया सीएचसी पर पहुंचाकर परिजनों को सूचना दी। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
युवक को जिला अस्पताल ले जाने के लिए सीएचसी पर एंबुलेंस नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर घायल को प्राइवेट एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया।
कसया थाना क्षेत्र के अनुरुधवा निवासी श्याम बिहारी सिंह (45) बनवारी टोला के पास बाइक से अपना खेत देखने गए थे। वहां से देवरिया मार्ग से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रही पिकअप के चालक ने ओवरटेक करने की जल्दबाजी की। पिकअप की चपेट में बाइक आ गई। श्याम बिहारी सड़क पर गिर गए। घटना के बाद पिकअप खड़ा करके ड्राइवर भाग गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह से घायल श्याम बिहारी को कसया सीएचसी पर पहुंचाया। वहां हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी पाकर सीएचसी पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर काल की। काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इससे नाराज परिजनों ने सीएचसी में हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर पुलिस ने प्राइवेट एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भेजा।
इस संबंध में कसया एसएचओ डॉ. आशुतोष तिवारी ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजन हंगामा करने लगे थे। निजी एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।