पडरौना। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से अभी से शुरू कर दी गई है। परीक्षार्थियों में बोर्ड परीक्षा की तैयारी मुक्कमल हो सके, इसके लिए बोर्ड ने वेबसाइट पर हाईस्कूल और इंटर का कक्षावार पाठ्यक्रम अपलोड कर दिया है। इसकी मदद लेकर परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा की तैयारी आसानी से कर सकेंगे। परीक्षार्थी विद्यालय के यू-डायस कोड की मदद से इसे डाउनलोड कर उपयोग कर सकते हैं।
जिले में 22 राजकीय, 55 वित्तपोषित और 284 स्ववित्तपोषित समेत कुल 361 माध्यमिक विद्यालय संचालित होते हैं। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब एक लाख परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षार्थियों को बोर्ड परीक्षा में पाठ्यक्रमों के मुताबिक प्रश्नों का जवाब देना होगा। इसके लिए यूपी बोर्ड ने आधिकारिक वेबसाइट पर पाठ्यक्रम अपलोड कर विद्यार्थियों को डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध करा दिया है। विभिन्न लेखकों की किताब स्कूल में संचलित होने के कारण विद्यार्थी कौन से पाठ्यक्रम को तैयार करें इसमें उलझ जाते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है।
बोर्ड ने परीक्षा फॉर्म भरे जाने के दौरान ही पाठ्यक्रम अपलोड करने की कवायद से तैयारी की राह आसान कर दी है। इस बार की परीक्षा में आर्टीफीशियल इंटेलिजेंस पर आधारित होगी। परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो और वह अपनी तैयारी पूरी रखें, इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर कला, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के पाठ्यक्रम अपलोड कराते हुए इसकी जानकारी परीक्षार्थियों तक पहुंचाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया है। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि बोर्ड की तरफ से बोर्ड परीक्षा का पाठ्यक्रम वेबसाइट पर अपलोट होने से परीक्षार्थियों को परीक्षा की तैयारी में सहुलियत होगी।