बोरियों में मिट्टी भरकर अंडर पास को बंद कराया गया।
- फोटो : KUSHINAGAR
खड्डा और पनियहवा स्टेशन के बीच निर्माणाधीन अंडरपास को बंद कराया गया
छितौनी। हनुमानगंज थाने के पास रेलवे लाइन के नीचे बन रहे अंडरपास को रविवार को मिट्टी भरी बोरियों से बंद कराया गया। इस निर्माणाधीन अंडरपास के चलते गंडक नदी का पानी तेजी से रेलवे लाइन पार करके खेतों में भर रहा था। जिससे आसपास के लोग बाढ़ की आशंका से सहम गए थे।
गोरखपुर नरकटियागंज रेल खंड के खड्डा और पनियहवा स्टेशन के बीच हनुमानगंज थाने से करीब 100 कदम पूरब की ओर रेलवे लाइन के नीचे से अंडर पास बना है। अंडरपास के दूसरी तरफ नदी है, जिधर का कार्य अभी अपूर्ण है। शनिवार को नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते पानी रेलवे लाइन के पास तक पहुंच गया। देर शाम अंडर पास के रास्ते पानी खड्डा-पनियहवा सड़क पर बहने लगा। स्थानीय जनप्रतिनिधि सक्रिय हुए तथा रेलवे के अधिकारियों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे अभियंताओं ने बोरे में मिट्टी भरकर अंडरपास को बंद कराया।