बेकाबू कार पलटी, दबने से तीन लोग घायल
कप्तागनंज-पिपराइच मार्ग स्थित सुधियानी रेलवे ढाला के पास हुई दुर्घटना
सीएचसी से घायलों को किया मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बोदरवार (कुशीनगर)। क्षेत्र के कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर रविवार की रात करीब पौने आठ बजे सुधियानी रेलवे ढाला के पास एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। मौजूद लोगों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से कप्तानगंज सीएचसी भेजवाया जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर तीनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अवरही कृतपुरा गांव के निवासी रोहित राज (32), अवधेश प्रसाद (40) और मुकेश प्रसाद (30) किसी कार्य से कप्तानगंज गए थे। वहां कार्य निपटाकर वापस घर जा रहे थे। रात के करीब पौने आठ बजे सुधियानी रेलवे ढाला के पास पहुंचे ही थे कि उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिनी तरफ गड्ढे में पलट गई। इससे कार में सवार तीन लोग फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरगुल सुनकर सड़क से गुजर रहे लोगों ने 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलाया और घायलों को कप्तानगंज सीएससी भेजवाया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर घायलों की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। घायलों में रोहित की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।