देसही देवरिया। बुधवार की देर शाम महुआडीह थाना क्षेत्र के सेखौना गांव के पास देवरिया–हाटा मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। बाइक पर बैठा चार वर्षीय भतीजा बच गया लेकिन वह मदद के लिए घंटों सड़क पर चिल्लाता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक की पहचान योगेंद्र राय (40 वर्ष), निवासी भैंसहा सदर टोला, जिला कुशीनगर के रूप में हुई है। वह अपने चार वर्षीय भतीजे को साथ लेकर कहीं जा रहे थे। सेखौना गांव के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी अपाची बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि योगेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, बाइक पर बैठा बच्चा सुरक्षित रहा।
घटना के बाद सड़क पर पड़े चाचा के शव को देखकर मासूम बच्चा जोर-जोर से रोने लगा। राहगीरों से मदद की गुहार लगाता रहा लेकिन कोई नहीं रुका। करीब एक घंटे बाद बच्चा खुद सड़क के बीच आकर बांह फैलाकर लोगों को रोकने लगा। तब जाकर एक साइकिल सवार रुका और पास के गांव में जाकर शोर मचाया। सूचना पाकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक योगेंद्र की सांसें थम चुकी थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महुआडीह थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मृतक योगेंद्र राय अपने भतीजे के साथ कहीं जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। भतीजा सुरक्षित है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही के कारण सड़क के किनारे उगी झाड़ियां हादसों को न्योता दे रही हैं। उनका कहना है कि सड़क के दोनों किनारों की सफाई न होने से दृश्यता कम हो जाती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
यह हृदयविदारक दृश्य देखकर मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। मासूम बच्चे की सिसकियां सबको झकझोर गईं।