रामकोला। खनन अधिकारी के चालक और सुरक्षा गार्ड की पिटाई के मामले में पुलिस ने आरोपी मामा-भांजा को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि छह अज्ञात आरोपियों और डीसीएम की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है। रामकोला थाना क्षेत्र के बड़हरा बाबू गांव के सिकटिया टोला के निकट छोटी गंडक नदी से अवैध बालू खनन की सूचना पर खनन अधिकारी शुक्रवार की सुबह पहुंचे थे। बालू लदे डीसीएम को कब्जे में लेकर थाने पर भिजवा रहे थे कि रास्ते में मनजीत गुप्ता अपने चालक व छह अन्य व्यक्तियों के साथ पहुंचकर खनन अधिकारी के चालक और सुरक्षा गार्ड को पीट दिया था। उसके बाद डीसीएम लेकर भाग गया था।
खनन अधिकारी अभिषेक सिंह इस मामले में रामकोला थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने मनजीत गुप्ता तथा उसके चालक के अलावा छह अज्ञात के खिलाफ अवैध खनन अधिनियम, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के अलावा अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में आरोपी मामा-भांजे को गिरफ्तार कर लिया।
रामकोला थाने के एसएचओ राजू सिंह ने कहा कि खनन अधिकारी के चालक और सुरक्षा गार्ड पर हमला कर डीसीएम लेकर भागने के मामले में केस दर्ज किया गया था। शनिवार को मनजीत गुप्ता निवासी सोहसापट्टी गौसी थाना कसया व मनीष गुप्ता निवासी मोहम्मदा जमीन सिकटिया कोतवाली हाटा को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों रिश्ते में मामा-भांजा हैं। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। अन्य छह व्यक्तियों की गिरफ्तारी तथा डीसीएम की बरामदगी के लिए छापा मारा जा रहा है।