संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। ग्राम प्रधान पर आवास के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगाने वाली महिला शपथपत्र देकर अपनी बात से पलट गई। उसने प्रधान को पाक-साफ बताया है।
महिला की शिकायत पर ही ग्राम सचिव ने प्रधान व प्रतिनिधि पर केस दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर सौंपी थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला ने पूरे मामले को ही गलत बताकर ब्लॉक प्रशासन व पुलिस को बैकफुट पर ला दिया है।
खड्डा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हनुमानगंज के सचिव शंभू कुमार यादव ने बीडीओ के आदेश के बाद 16 जून को हनुमानगंज पुलिस को हनुमानगंज के प्रधान व उनके प्रतिनिधि पर प्रधानमंत्री आवास के नाम पर कमीशन लेने का आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार का केस दर्ज करने के लिए तहरीर सौंपी थी। इस मामले में महिला का वीडियो भी सामने आया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।
अब महिला ने शपथ पत्र देकर कहा है कि ग्राम प्रधान ने कोई रिश्वत नहीं ली है। चुनावी रंजिश में गांव के कुछ लोगों ने दबाव बनाकर शिकायत करा दी थी। वे लोग इसका वीडियो भी बना लिए थे। उसपर लगे सभी आरोप गलत हैं। अब पुलिस कार्रवाई से पीछे हट गई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय पटेल ने बताया कि प्रधान व प्रतिनिधि के विरुद्ध सचिव की तहरीर मिली थी। मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा था। जांच की जा रही थी। अब शिकायत करने वाली महिला ने शपथपत्र देकर पूरे मामले को गलत बताया है। इसके बाद कार्रवाई रोक दी गई है।