कसया। हाईवे पर रविवार की देर रात को बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि रांग साइड बाइक लेकर जाते समय हादसा हुआ।
कुशीनगर नगर पालिका के वार्ड नंबर चार आंबेडकर नगर निवासी चंद्रदीप (28) और अंकित (30) रविवार की देर रात कुशीनगर से घर लौट रहे थे। गोपालगढ़ के पास ओवरब्रिज पर सामने से आ रहे वाहन ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार बाइक सवार रांग साइड थे। घटना के बाद मौके पर मोहल्ले वालों की भीड़ जुट गई। हाईवे चौकी प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।