कुबेरस्थान/गोड़रिया। सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हरका-शिवपुर और पडरौना-तमकुहीरोड मार्ग पर पिकअप की टक्कर से हादसे हुए। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के हरका-शिवपुर मार्ग स्थित मठिया नरईपुर गांव के पास एक पिकअप और बाइक की टक्कर में बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई। पिकअप चालक वाहन लेकर घटना स्थल से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार की शाम कसया थाना क्षेत्र के गांव माधोपुर के मठिया टोला निवासी 23 वर्षीय समीन अंसारी अपनी चाची तसबुन निशा और उनके दो बच्चे पांच वर्षीय खुशी व तीन वर्षीय खुर्शेद को लेकर पचरुखिया जा रहे थे। अभी वे मठिया नरईपुर गांव के पास सामने से आ रहे पिकअप से भिड़ंत हो गई। बाइक चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी चाची और दोनों बच्चे बाइक से दूर खेत में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कसया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पडरौना-तमकुहीरोड स्थित साधन सहकारी समिति गोड़रिया के पास अनियंत्रित पिकअप और बाइक में भिड़ंत हो गई। बाइक सवार एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घायलों को सीएचसी दुदही भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। विशुनपुरा पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।
ग्राम पंचायत मठिया माफी निवासी दुर्गेश पुत्र बनारसी बाइक से घर जा रहे थे। उसी दौरान पडरौना की तरफ से जा रहे एक अनियंत्रित पिकअप के चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक मौजूद लोग वहां पहुंचते उससे पहले ही उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी बाइक पर बैठे गोविंद पुत्र नंदू और सड़क किनारे खड़े दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोग घायलों को सीएचसी दुदही भेजवाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रामसहाय चौहान ने ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।