छात्रा को बाइक पर बैठाने के लिए भिड़े दो युवक
गंगुआ बाजार। स्कूल से पैदल घर लौट रही इंटर कॉलेज की छात्रा को बाइक पर बैठाकर घर छोड़ने के चक्कर में दो युवक भिड़ गए। दोनों के बीच सरेराह मारपीट होने लगी। मामला बिगड़ता देखकर छात्रा वहां से तीसरे युवक की बाइक पर बैठकर खिसक गई। बाद में लोगों ने मारपीट कर रहे युवकों को समझाकर शांत कराया। किसी ने पुलिस बुलाने की धमकी दी तो बाइक सवार दोनों युवक वहां से चले गए। इसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही।
सोमवार की दोपहर तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज की छात्रा पैदल घर लौट रही थी। रास्ते में छात्रा ने किसी युवक को कॉल करके बाइक से घर छोड़ने के लिए बुला लिया। युवक पहुंचा तो उसने जरूरी काम का हवाला देते हुए छात्रा को घर छोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद छात्रा ने किसी दूसरे को कॉल किया। वह युवक भी अपनी बाइक लेकर पहुंच गया। इसके बाद दोनों छात्रा को अपनी बाइक पर बैठाने के लिए कहासुनी पर उतर आए। तब छात्रा ने उनको वहां से चले जाने के लिए कह दिया, लेकिन बाइक सवार दोनों युवक जाने के बजाय आपस में मारपीट करने लगे। इसके बाद छात्रा स्कूल से लौट रहे अपने ही गांव के एक अन्य छात्र के साथ बाइक पर बैठकर घर चली गई।
इस संबंध में तमकुहीराज के थानाध्यक्ष अश्वनी राय ने बताया कि इस तरह की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई। यदि तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।