मल्लूडीह। हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम के कारण राहगीरों को परेशान होना पड़ा। सोमवार को भोर में दो ट्रकों की टक्कर के चलते दोनों लेन पर आवागमन ठप हो गया। एनएचएआई के प्रयास से तीन घंटे बाद आवागमन बहाल हुआ। इसमें एंबुलेंस और स्कूली बच्चे भी फंसे रहे। हाईवे पर दोनों तरफ करीब चार किमी से अधिक वाहनों की कतार लगी रही। एनएच-28 पर प्रेमवलिया कट से जोकवा तक बाएं तरफ लेन में करीब एक सप्ताह से कार्य चल रहा है। इससे प्रेमवलिया कट के पास से डायवर्जन कर दिया गया है और एक ही लेन से इतनी दूर तक गाड़ियों का आवागमन हो रहा है।
सोमवार को भोर में करीब 5 बजे प्रेवमलिया के सामने दो ट्रकों में टक्कर हो गई और दूसरे लेन पर इसके चलते आवागमन ठप हो गया। दोनों ट्रक चालकों को हल्की चोटें आई हैं। इसके चलते सोमवार को आठ बजे तक आवागमन ठप रहा। पुलिस और एनएचएआई के पहुंचने के बाद ट्रकों को किनारे कर आवागमन बहाल किया गया।
जाम में स्कूली बच्चे, एंबुलेंस और मालवाहक, इस रूट से बिहार जाने वाले लोगों की गाड़ियां फंसी रही। बरवा फॉर्म से लेकर जोकवा कट तक जाम लगा रहा, ट्रक हटने के बाद बाएं तरफ का लेन पर आवागमन बहाल कराया गया। दाएं लेन पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इसके चलते लोकल रूटों से छोटे वाहनों को लेकर लोगों को जाना पड़ा। सूत्रों की मानें सड़क मरम्मत जहां पर कराया जा रहा है। उसके आसपास या कुछ दूरी पर कोई संकेतक नहीं लगाया गया है। इसके चलते एक ही लेन पर दोनों ट्रक अचानक आ गए और तेज गति होने के कारण टक्कर हो गई। कसया थानाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि ट्रकों के टक्कर के चलते हाईवे पर आवागमन कुछ देर के लिए ठप था। बाद में एनएचआई की ओर से क्षतिग्रस्त ट्रकों को किनारे किया गया तो आवागमन बहाल हुई।