पडरौना। जुमे की नमाज के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने सुपर जोनल, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। तैनात मजिस्ट्रेट क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर शांति और कानून व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
डीएम विशाल भारद्वाज ने बताया कि कसया, हाटा व तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के लिए एडीएम वैभव मिश्र और पडरौना, खड्डा व कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के लिए एडीएम न्यायिक प्रेम कुमार राय को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया है। जिले के सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। इसके अलावा तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीडीओ, बीईओ और अन्य जिला, ब्लॉक व तहसील स्तरीय अधिकारियों को पुलिस चौकी वार, कस्बा चौकी वार, प्रमुख चौक वाइज नामित किया है।
डीएम ने बताया कि इसके अलावा रिजर्व में चार जोनल व चार सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नामित किए हैं। डीएम ने बताया कि जिले में धारा 163 लागू है। सार्वजनिक स्थल पर कानून व्यवस्था के दृष्टिगत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे। तैनात मजिस्ट्रेट छह व सात दिसंबर तक अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगें। इस दौरान किसी भी तरह की परेशानी अथवा शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पर उच्चाधिकारियों को सूचित करेंगे। डीएम ने बताया कि कलक्ट्रेट में इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका संपर्क नंबर- 05564-240590 है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधन सहकारिता नीरज कुमार गौड़ और डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी को कंट्रोल रूम प्रभारी नामित किया गया है।