पडरौना। तमकुहीराज थाने की पुलिस ने बिहार तक अवैध शराब की खेप पहुंचाने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से एक बाइक और 50 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की गई है। बाइक और बरामद शराब की कीमत सवा दो लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को तमकुहीराज पुलिस को यह सूचना मिली कि दो तस्कर शराब की खेप लेकर बिहार जाने वाले हैं। इस सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने थाना क्षेत्र के डुभा गांव से दोनों तस्करों को पकड़ लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान सद्दाम निवासी हरिहरपुर थाना तमकुहीराज व प्रमोद यादव निवासी हरखौली थाना मीरगंज जिला गोपालगंज बिहार के रूप में हुई है।
उनके पास से एक बाइक, 50 पेटी अवैध देसी शराब, दो मोबाइल और 1500 रुपये बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में तस्करों ने बताया है कि वे गन्ने के खेत में अवैध शराब की खेप को जमा करते हैं और मौका मिलते ही बाइक से पगडंडी से होकर बिहार प्रांत में दाखिल हो जाते हैं। वहां शराब बेचकर वह अधिक मुनाफा भी कमा लेते हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर अमित कुमार शर्मा, एसएसआई दिनेश कुमार साहनी, एसआई राजकपूर, अरसलान अहमद, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार व कांस्टेबल कृपाशंकर शामिल रहे।