संवाद न्यूज एजेंसी
अहिरौली बाजार। पुलिस ने रविवार को एक पिकअप से वध के लिए ले जा रहे चार राशि गोवंशीय पशुओं की बरामद कर दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद पशुओं को मुक्त कराते हुए पुलिस तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।
थाना प्रभारी रवि कुमार राय ने बताया कि रविवार को अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के तिनहवा रोड पर असना भलुहां गांव के पास से पिकअप से तस्करी कर ले जा रहे चार पशु पुलिस ने मुक्त कराया है। पशुओं क अलावा लकड़ी का ठीहा, मोबाइल फोन आदि बरामद हुए हैं। पुलिस ने दो पशु तस्कर भी गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव पगरा बसंतपुर निवासी मुनीब उर्फ मनीष प्रसाद और बिहार प्रांत के जिला गोपालगंज के थाना गोपालपुर के गांव बाजारी टोला देउरवा निवासी इरशाद साई के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मुनीब उर्फ मनीष प्रसाद अंतरराज्यीय गो तस्कर है। उसका संगठित गिरोह है, जो आए दिन बिना नंर प्लेट के पिकअप- डीसीएम पर पशुओं को लादकर वध के लिए बिहार पहुंचाता है। उसके विरुद्ध थानों में गोवध व पशु क्रूरता व गैंगस्टर एक्ट में कई मुकदमे पंजीकृत हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक के अलावा एसआई अजीत कुमार, संजय कुमार, जुगेश कुमार आनंद, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, राहुल कुमार, मनोज सिंह यादव, सुनील कुमार, देवेंद्र कुमार यादव शामिल रहे।