तमकुहीराज। सीमावर्ती पुलिस की घेराबंदी भी तस्करों को बिहार में शराब पहुंचने से रोक नहीं पा रही है और बिहार मद्य निषेध की टीम इन्हें गिरफ्तार करने में सफल हो रही है। रविवार को हाईवे के रास्ते तस्करी कर शराब लेकर कार से बिहार जा रहे हरियाणा निवासी दो तस्करों को करीब 250 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ बिहार मद्य निषेध की टीम ने पकड़ा। गोपालगंज जिले के अधीक्षक मद्य निषेध अमृतेश कुमार ने बताया मद्य निषेध की टीम रोज की भांति रविवार को भी यूपी से हाईवे के रास्ते बिहार आ रही संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हाईवे स्थित बलथरी चेकपोस्ट के समीप कुर्म टोला जलालपुर बाईपास मार्ग के रास्ते यूपी के ओर से कार सवार दो संदिग्ध युवक बिहार की ओर आते दिखाई दिए। संदेह के आधार पर टीम ने उन्हें रोककर जांच की तो कार के भीतर छिपाकर तस्करी के लिए ले जा रहे 720 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पकड़े गए शराब की कुल मात्रा करीब 250 लीटर है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरियाणा प्रांत के फरीदाबाद के नांगला एंकलेव पार्ट दो निवासी बंटी व सोनू के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा जा रहा है।