मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मनिकौरा गांव में शनिवार की रात जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष से सात लोग घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस मारपीट कर रहे लोगों को किसी तरह शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस मामले में तीन लोगों को पकड़कर थाने ले गई। मनिकौरा निवासी नरेंद्र मिश्रा और गांव के भीखम बैठा के बीच पिछले काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है। शनिवार की रात करीब आठ बजे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई।
उनके बीच विवाद बढ़ा तो मारपीट होने लगी। एक पक्ष के नरेंद्र मिश्रा का आरोप है कि भीखम, सिकंदर, धारी, हरिंदर, जीतेंद्र सहित सात-आठ लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे और उन्हें अपशब्द बोलते हुए उनपर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में रामचंद्र मिश्रा, खुशबू तिवारी, धन्नजय मिश्रा और फूलझरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उनका आरोप है कि एक झोपड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष के भीखम बैठा, जीतेंद्र बैठा और धारी बैठा आदि भी घायल हैं। सूचना पर आई कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायल लोगों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर भेज दिया। पुलिस ने भीखम पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।