संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। नगर में बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें एक का इलाज एक निजी अस्पताल में तो दूसरे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
नगर के गोरखपुर मार्ग स्थित बिजलीघर के समीप एक अनियंत्रित कार ने सवारी भरे टेंपो में टक्कर मार दी। उसके बाद दो अन्य बाइकों में टक्कर हो गई। बिहार के गोपालगंज के कोइसा निवासी रोहित प्रसाद टेंपो से कसया नगर आ रहे थे। कसया से गोरखपुर की ओर जा रही कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। दो अन्य बाइक सवार भी उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। ्र
टेंपो सवार राहुल प्रसाद का कार और टेंपो की टक्कर में एक पैर फ्रैक्चर हो गया। मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज एसआई गौरव श्रीवास्तव ने घायल को नगर के एक निजी अस्पताल में भेजवाया। मौके से कार, टेंपो और बाइक को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गए। दूसरी घटना नगर के पडरौना मार्ग स्थित बैरिया चौराहे पर देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी आशुतोष जायसवाल की बाइक अनियंत्रित होकर एक कार में टक्कर मार दी, और सड़क पर गिरकर घायल हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने घायल को सीएचसी भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।