सुकरौली। रविवार और मंगलवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में घायल दो लोगों की इलाज के दौरान बुधवार को एम्स में मौत हो गई।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के परसिया निवासी खेदन पटेल (65) सुकरौली कस्बे में गनेशपुर मार्ग स्थित एससी बोस स्कूल में मजदूरी करने जा रहे थे। सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। खेदन पटेल और बाइक चालक विशाल (25) पुत्र संजय निवासी गनेशपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। खेदन पटेल को एम्स ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया। मंगलवार को लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। विशाल का इलाज चल रहा है।
दूसरी घटना मंगलवार को हुई, जब अनियंत्रित बाइक फोरलेन के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में हाटा कोतवाली क्षेत्र के पिपरा उर्फ तीतिला निवासी राजेश चौहान (43) पुत्र स्वामीनाथ चौहान व उनकी पत्नी जीरा देवी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को राजेश चौहान की मौत हो गई। जबकि जीरा देवी का इलाज एम्स में चल रहा है।