रामकोला। थाना क्षेत्र के सपहा दहाउर में सरकारी जमीन पर कब्जे के लिए दो पक्ष आपस में भिड़ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के 22 लोगों को हिरासत में लेकर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस गांव में अनुसूचित जाति की आबादी के नाम से जमीन है। उस पर कुछ समय पहले पानी की टंकी के निर्माण के लिए विवाद हुआ था। इस मामले में गुटबाजी इतनी बढ़ गई थी कि कुछ ग्रामीणों ने अपने दरवाजे पर घर बिकाऊ का पोस्टर चस्पा कर विवाद खड़ा कर दिया। तब तत्कालीन अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि यह जमीन खाली रहेगी और कोई भी व्यक्ति इस पर कब्जा नहीं करेगा। धीरे-धीरे समय बीता तो जमीन खाली देखकर गांव वाले लालच में आ गए। इस पर कुछ लोग झोपड़ी डालनी शुरू कर दी। इससे आए दिन विवाद होता रहा। तहसील प्रशासन कई बार कब्जा हटवाता रहा।
बुधवार की रात में इस जमीन के लिए फिर विवाद शुरू हो गया। देखते देखते गांव के लोग दो खेमों में बंटकर आपस में भिड़ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से 22 लोगों को हिरासत में लेकर मामले को शांत कराया।
इस संबंध में एसएचओ अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि आए दिन खाली पड़ी जमीन पर कब्जे के लिए विवाद होता रहता था। इस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों को शांति भंग की आशंका में चालान किया गया है।