हाटा। बृहस्पतिवार को एसडीएम हाटा ने क्षेत्र के तीन धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो क्रय केंद्र बंद मिले। एसडीएम ने इसे लापरवाही मानते हुए क्रय केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की संस्तुति की है।
एसडीएम करीब 11 बजे साधन सहकारी समिति रधिया देवरिया क्रय केंद्र पर पहुंचे। वहां केंद्र प्रभारी मौजूद थे लेकिन यहां न तो बैनर लगाया गया था और न ही तौल कांटा लगा था।
एसडीएम ने प्रभारी को चेतावनी देते हुए तत्काल व्यवस्था में धान क्रय शुरू करने का निर्देश दिया। इसके बाद वह किसान सेवा समिति हरपुर बरवां क्रय केंद्र पर पहुंचे तो वहां प्रभारी मौजूद नहीं थे। केंद्र पर ताला लगा हुआ था। चौकीदार रामकिशन वहां मौजूद थे। एसडीएम के पहुंचने पर क्रय केंद्र का ताला खोला गया।
यहां भी बैनर तक नहीं लगाया गया था। इसके बाद वह दिन में करीब डेढ़ बजे साधन सहकारी समिति कोटवा के क्रय केंद्र पर पहुंचे। यहां भी ताला बंद मिला। वहां एक व्यक्ति मिला, जिसने बताया कि वह यहां पर सचिव के साथ रह कर केंद्र की देखभाल करता है। इस केंद्र पर भी न तो बैनर लगा था और न ही खरीद की व्यवस्था शुरू की गई थी। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं होना घोर लापरवाही है।
उन्होंने धान क्रय के नोडल अधिकारी जिला खाद्य और विपणन अधिकारी को लापरवाह केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा है। इस संबंध में एसडीएम जेपी गुप्ता बताया कि क्रय संबंधित समीक्षा बैठक में कृषि राज्य मंत्री ने औचक निरीक्षण का निर्देश दिया था।