-लोगों का एटीएम बदलकर रुपये की निकासी करते थे अंतरजनपदीय बदमाश
-गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार इनाम देने की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना/तमकुहीराज। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गाजीपुर स्थित फार्म हाउस के समीप पुलिस और बदमाशों में मंगलवार की भोर में मुठभेड़ हो गई। चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ गोरखपुर, बलिया समेत कई थानों में केस दर्ज हैं। ये बदमाश विभिन्न एटीएम बूथों पर खाताधारक बनकर मौजूद रहते थे और मौका मिलते ही लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर फरार हो जाते थे। बाद में एटीएम से रुपये निकाल लेते थे। गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी धवल जायसवाल ने 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद स्वॉट टीम, तरयासुजान व तमकुहीराज पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस की संयुक्त टीम तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गाजीपुर के समीप वाहनों की जांच करने लगी। मंगलवार की भोर में कार सवार आते दिखे। पुलिस टीम ने ज़ब रोकने का प्रयास किया तो कार लेकर सवार भागने लगे। पुलिस टीम पीछा करने लगी। एक फार्म हाउस के समीप बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी। जवाबी कार्रवाई में गोरखपुर जिले के गुलहरिया थाना क्षेत्र के सेमरा नंबर दो (खजांची चौराहा) निवासी मोहित साहनी व सिकरीगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी संदीप मिश्रा पैर में गोली लगने से घायल हो गए। भाग रहे दो बदमाशों गोरखपुर जिले के गुलहरिया थाना क्षेत्र के सेमरा नंबर दो निवासी रवि कुमार और पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल छत्रधारी टोला शाहपुर निवासी अभिषेक त्रिपाठी को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। घायल दोनों बदमाशों को सीएचसी तमकुहीराज भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रविंद्रनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि दो बदमाश पुलिस की हिरासत में हैं। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश शातिर किस्म के हैं और इनके खिलाफ कई थानों में जालसाजी, लूट आदि गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। मुठभेड़ में पकड़े गए मोहित साहनी के खिलाफ गोरखपुर, बलिया समेत स्थानीय थाने में गंभीर धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं। संदीप मिश्रा के खिलाफ तीन, रवि कुमार के खिलाफ एक व अभिषेक त्रिपाठी के खिलाफ दो मुकदमे हैं। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
ऐसे देते थे घटना को अंजाम
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार चारों बदमाश शातिर किस्म के हैं। ये कस्बों के एटीएम बूथों पर बतौर खाताधारक रुपये निकालने के लिए लाइन में खड़े होते थे। मदद के बहाने दूसरे ग्राहकों के एटीएम का पिन नंबर जानने के बाद कार्ड बदलकर उसी बैंक का दूसरा कार्ड थमा देते थे। एटीएम बूथ से बाहर निकलने के बाद वहां से खिसक जाते और बाद में लोगों के एटीएम कार्ड से रुपये निकाल लेते थे। काफी दिनों से पुलिस की कई टीमें इनकी तलाश में लगी थीं। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो तमंचे, तीन कारतूस, 20 हजार से अधिक रुपये, विभिन्न बैंकों के 38 एटीएम कार्ड, चार मोबाइल, खोखा और एक कार बरामद की गई है।