खड्डा। दो दिन में पांच लोगों को घायल करने वाले भेड़िया ने मंगलवार को एक महिला सहित दो को घायल कर दिया था। घायलों का सीएचसी पर इलाज हुआ। इस दौरान बीच-बचाव में भेड़िया की मौत हो गई। विभाग ने जानवर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
खड्डा क्षेत्र के ग्राम अहिरौली के गोपाल टोला के पास मंगलवार की शाम लगभग तीन बजे रामनरेश यादव के गन्ने के खेत के पास कुछ लोग काम कर रहे थे। तभी भेड़िया पहुंच गया और उनपर हमला कर दिया। भेड़िए के हमले में मनमन टोला निवासी 50 वर्षीय लालती देवी और अहिरौली गांव निवासी 54 वर्षीय मुनिरका देवी घायल हो गईं।
उनके हाथ की अंगुली जख्मी हो गई। दोनों को तुर्कहा सीएचसी में भर्ती कराया गया। डाॅक्टर के मुताबिक दोनों खतरे से बाहर हैं। अपने बचाव में लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। बीच-बचाव में भेड़िया की मौत हो गई।
सोमवार को भी भेड़िया ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों को घायल कर दिया था। इनमें एक व्यक्ति का इलाज जिला अस्पताल में कराना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि मारा गया भेड़िया अकेले नहीं था इसके साथी भी थे। वन विभाग के कर्मचारियों ने पहुंचकर भेड़िया के शव को कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में रेंजर खड्डा अमृता चंद ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही थी। जानवर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।