मथौली। मथौली-रगड़गंज मार्ग स्थित मठिया उर्फ अकटहां गांव के पास शुक्रवार शाम करीब छह बजे दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग घायलों को मथौली सीएचसी ले गए।
मठिया उर्फ अकटहां निवासी अमरजीत चौहान (20) बाइक से घर जा रहे थे। अभी वे गांव के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे मथौली डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी निवासी धर्मवीर (20) की बाइक से भिड़ंत हो गई। इसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को मथौली सीएचसी भेजवाए, जहां डॉक्टर ने घायलों की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। वहां धर्मवीर की हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
-
बाइक की टक्कर से दो लोग घायल
मथौली। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हाटा-कप्तानगंज मार्ग स्थित हरपुर बरवा चौराहे के पास दो बाइकों में टक्कर हो गई। हरपुर वरवा निवासी मेघु प्रसाद (65) किसी काम से हरपुर बरवा चौराहे पर जा रहे थे। उसी दौरान हाटा की ओर से आ रहे मथौली नगर पंचायत निवासी सोनू सिंह (36) की बाइक से टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक सवार घायल हो गए। मौजूद लोगों ने उन्हें मथौली सीएचसी भिजवाया। डॉक्टर ने मेघु प्रसाद की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। संवाद