सुकरौली। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के मझना नाला पुल पर बुधवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइकों पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उनको पीएचसी सुकरौली पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के मटियरवा निवासी जीउत शर्मा (55) पुत्र बृजराज शर्मा बाइक से सुकरौली की तरफ से फोरलेन के उत्तरी लेन से होकर विपरीत दिशा से अपने घर जा रहे थे। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के मझना नाला पुल पर गोरखपुर से हाटा की तरफ जा रहे बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इससे दोनों बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जीउत शर्मा व अज्ञात घायल को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।