दुदही ब्लॉक प्रमुख पद के लिए उमा कुशवाहा ने पर्चा दाखिल किया।
- फोटो : KUSHINAGAR
ब्लॉक प्रमुख पद के लिए दो लोगों ने की दावेदारी
दुदही (कुशीनगर)। क्षेत्र पंचायत दुदही के ब्लॉक प्रमुख पद के लिए सोमवार को दो महिलाओं ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सहायक निर्वाचन अधिकारी त्रिवेणी प्रसाद सिंह के समक्ष दोनों ने अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। 19 फरवरी को होने वाले इस चुनाव के लिए माहौल गरमा गया है।
क्षेत्र पंचायत दुदही की ब्लॉक प्रमुख रहीं कुशमावती वर्मा के विरुद्ध सदस्यों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद ब्लॉक प्रमुख का पद करीब दो माह से रिक्त है। इस रिक्त पद पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हुई है, जिसके क्रम में सोमवार को नाम निर्देशन पत्र जमा करने और जांच के बाद उसका प्रकाशन करने, मंगलवार को नाम वापसी तथा 19 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक मतदान और उसके बाद मतगणना का कार्य किया जाना है। तमाम उतार चढ़ाव के बीच सोमवार को पूर्व ब्लाक प्रमुख उमा देवी पत्नी नंदकिशोर कुशवाहा ने एक सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुशमावती वर्मा पत्नी ओमप्रकाश वर्मा ने भी दो सेट में नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। ब्लॉक प्रमुख के रिक्त पद के लिए दो पूर्व प्रमुखों की तरफ से नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। नामांकन के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसओ विशुनपुरा अनिल कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस के जवान सुबह से शाम तक पूरी तरह मुस्तैद रहे।