पकड़ियार बाजार। रामकोला थाना क्षेत्र के सिंगहा गांव के सामने सोमवार की शाम को नहर पुल के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। आसपास के लोग पहुंचे और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। घायलों का इलाज चल रहा है।
कोहरगड्डी निवासी मेराज साथी फिरोज के साथ बाइक से पडरौना की तरफ जा रहे थे। सिंगहा गांव के सामने एक संपर्क मार्ग से नहर की ओर जा रहे बाइक सवार अध्यापक सुधीर सिंह की बाइक से टक्कर हो गई। तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी कोटवा पहुंचाया। चिकित्सकों ने मेराज (35) को मृत घोषित कर दिया। मेराज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मेराज चार महीने पहले सऊदी से घर आया था। उसके तीन बच्चे हैं।
घायल फिरोज (28) का इलाज सीएचसी में चल रहा है। सुधीर सिंह (45) को पडरौना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामकोला थानाध्यक्ष धनवीर सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।