अहिरौली बाजार। हाटा-पिपराइच मार्ग पर शनिवार को देर रात करीब दस बजे तुर्कडिहा गांव के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के गांव घोरटप भिसवा निवासी 22 वर्षीय नितिन चौहान पुत्र शिवनरायन चौहान व 20 वर्षीय अजय चौहान पुत्र बुद्धिराम चौहान एक ही बाइक पर सवार होकर बिना हेल्मेट पहने अहिरौली बाजार की तरफ से घर जा रहे थे। अभी अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव तुर्कडीहा के सामने पहुंचे थे तभी किसी वाहन की चपेट में आने से सड़क पर गिरकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आस पास के लोगों ने इस दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से एंबुलेंस से दोनों घायलों को हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने बाइक चालक नितिन चौहान की हालत गंभीर देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज चल रहा है। हालत नाज़ुक बताई जा रही है। वहीं अजय चौहान का इलाज हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस बाइक को अपने कब्जे में लेकर ठोकर मारकर फरार हुए गाड़ी की छानबीन कर रही है।