पडरौना। अहिरौली बाजार थाने की पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के ट्रैक्टर, प्रेशर ट्रॉली और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में पुलिस शातिर चोरों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
अहिरौली बाजार थाने की पुलिस ने सोमवार को ग्राम रामपुर झुरिया के सती माता मंदिर नहर के पास से पप्पू भारती व संगम पासवान निवासी रामपुर सोहरौना कोतवाली हाटा को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी के ट्रैक्टर, एक प्रेशर ट्रॉली, दो मोबाइल फोन व 700 रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ में पता चला है कि पप्पू भारती का आपराधिक रिकाॅर्ड है। वर्ष 2018 से थाना कप्तानगंज में वह वांछित था और गिरफ्तार नहीं हुआ था। इसके बाद छिपकर वह अपने गैंग के साथ महराजगंज जिले के महराजगंज कोतवाली व थाना घुघली, गोरखपुर के थाना पिपराइच से ट्रैक्टर चोरी करता है। यह पहले रेकी करने के बाद ट्रैक्टर व ट्रॉली की चोरी करते हैं। कई थानों में पप्पू के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने शातिर चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर रवि कुमार राय, एसआई उमेश कुमार, हेड कांस्टेबल रमेश चौधरी, कांस्टेबल आदित्य राजभर शामिल रहे।