रामकोला। पकड़ी बागर पंचायत भवन और मेहदीगंज के एक आभूषण की दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद किया है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।
रामकोला थाना क्षेत्र के पकड़ी बागर के पंचायत भवन सें चोर ताला तोड़कर उसमें रखा इन्वर्टर और टुल्लू पंप सहित अन्य सामान उठा ले गए गए थे। इसी तरह मेहंदीगंज चौराहे स्थित रवि यादव की आभूषण की दुकान में पीछे से दीवार काटकर उसमें रखा सोने और चांदी के आभूषण उठा ले गए थे। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी थी। शनिवार की सुबह एसएचओ विनय कुमार सिह, एसआई अभिषेक यादव, अनिल यादव, उपेंद्र यादव ने मेहंदीगंज आमडरिया तिहारे से सुनील नट (30) निवासी तरकुलहवा थाना चौरीचौरा जिला गोरखपुर और राजेश कुमार (50) निवासी हसनगंज थाना कप्तानगंज जिला कुशीनगर को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने दोनों जगहों पर हुई चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का समान भी बरामद किया है। पुलिस बरामद सामान को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी है।