अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। ढाई लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित दो अपराधियों को कोतवाली पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों बिहार के निवासी हैं, लेकिन कुशीनगर आकर यहां के विभिन्न क्षेत्रों में लूट किया करते थे। इन दोनों को शहर के निकट से गिरफ्तार किया गया।
सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह ने रविवार को बताया कि कुछ दिन पहले शहर में हुई ढाई लाख रुपये की लूट के बाद कोतवाली पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। रविवार को भी पडरौना शहर के साथ-साथ जनपद मुख्यालय के निकट सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। तभी कसया रोड स्थित एक ऑटो मोबाइल्स एजेंसी के निकट दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे। पुलिस को देखकर दोनों बिना नंबर की बाइक से वापस जिला मुख्यालय की तरफ भागने की कोशिश किए। पुलिस ने उन्हें पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो एक खुद को बिहार के गोपालगंज जनपद के मोहम्मदपुर थाना के डुमरिया निवासी रोहित कुमार शाह बताया तो दूसरे ने मोतिहारी जनपद के थाना केसरिया के चांदपार निवासी चंदन साहनी बताया। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर लूट की वारदात करते थे। ये कई वाहनों की लूट व एटीएम कार्ड से लाखों रुपए निकाल चुके हैं। इनके पास बिना नंबर की बाइक, लूट के पांच हजार रुपये, 13 एटीएम कार्ड, एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।