कसया। नगर पालिका परिषद कुशीनगर के महंत अवैद्यनाथ नगर (डुमरी) में सोमवार की देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक फूस की झोपड़ी में भीषण आग लग गई। आग में चार पशुओं की जलकर मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए।
वार्ड निवासी श्रीराम गोंड की झोपड़ी में आग अचानक लग गई और देखते ही देखते पूरी झोपड़ी जलने लगी। आग लगने के दौरान बगल की दीवार पर लगा विद्युत मीटर तेज आवाज के साथ फट गया। झोपड़ी के अंदर बंधे पशु आग की लपटों से घिर गए। परिजन और आसपास के लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। हालांकि तब तक दुधारू गाय, एक बछिया और दो बकरों की जलकर मौत हो चुकी थी। वहीं, दो बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं। पीड़ित श्रीराम गोंड ने बताया कि उनके परिवार की आजीविका पशुपालन पर ही निर्भर थी। पशुओं की मौत से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल शैलेंद्र कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग से हुई क्षति का विस्तृत आकलन किया। लेखपाल ने पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। यह घटना पशुपालक परिवार के लिए एक बड़ी त्रासदी है।