पडरौना। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर उचकी पट्टी गांव में अलग-अलग चोरी की वारदात का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में दो किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब चार लाख रुपये मूल्य के चोरी के जेवरात, 30,810 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक चोरी की बाइक, एक साइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है। सीओ जयंत यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के जंगल शंकरपुर निवासी रुस्तम अंसारी और जुल्फकार अंसारी के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ के बाद दो किशोरों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह दिन में विभिन्न इलाकों में रेकी करता था और मौका मिलने पर घरों व दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
गिरोह में किशोरों का इस्तेमाल किया जाता था ताकि संदेह कम हो और पकड़े जाने पर वे आसानी से बच निकलें। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के बयान की आगे भी जांच की जा रही है। बरामद सामान में 30,810 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, तीन एंड्रायड मोबाइल फोन, पांच पैकेट सिगरेट, चोरी की बाइक और एक साइकिल शामिल हैं।