जौरा बाजार। तुर्कपट्टी थाना के मधुरिया चौहान पट्टी स्थित एक विद्यालय से पढ़ कर घर जा रही एक छात्रा के साथ बाइक सवार दो शोहदे छेड़खानी करने लगे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बृहस्पतिवार की दोपहर उन्हें फाजिलनगर कस्बा के बघौचमोड़ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
चौरा खास के धुनवलिया गांव निवासी रजनीश सिंह व मनीष गोंड़ एक निजी विद्यालय से साइकिल से पढ़ कर जा रही एक छात्रा को शनिवार की दोपहर रास्ते में रोककर छेड़खानी किया था। ये शोहदे छात्रा का नाम व मोबाइल नंबर मांग रहे थे। घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों से घटना की जानकारी दी थी। छात्रा के पिता ने सोमवार को बाइक से स्वयं विद्यालय छोड़ने पहुंचे तो विद्यालय के पास दोनों शोहदों ने पिता के सामने ही फब्तियां कसने लगे।
पिता ने पुलिस को तहरीर देकर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी मधुरिया ब्रह्म कुमार उपाध्याय, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, कांस्टेबल सत्यप्रकाश यादव, सुरेंद्र कुमार यादव ने दोनों शोहदों को फाजिलनगर के बघौचमोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।