भटनी। बिजनेस लोन और स्वयं सहायता समूह बनाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के दो आरोपियों को सोमवार की सुबह बिहार पुलिस ने गिरफ्तार किया।
आरोपियों पर बिहार के विजयीपुर थाने में धोखाधड़ी आदि के केस दर्ज हैं। आरोपियों पर बिहार के विजयीपुर, भोरे, कटेया, गोपालगंज, सिवान के अलावा उत्तर प्रदेश के देवरिया और कुशीनगर में भी कई लोगों को चूना लगाने का आरोप है। विजयीपुर पुलिस के अनुसार, विजयीपुर थाना क्षेत्र के पटखौली बलवा गांव निवासी भोला राम अपने साथी नसीम अंसारी के साथ मिलकर बिहार और उत्तर प्रदेश में कई लोगों को बिजनेस लोन और समूह बनाने के नाम लाखों रुपये का चूना लगा चुका है।
आरोपी खुद को एनजीओ या वित्तीय संस्था से जुड़ा बताकर गरीब और बेरोजगार लोगों को समूह बनवाकर लोन दिलाने का झांसा देता था। पहले कुछ कागजी औपचारिकताओं और रजिस्ट्रेशन के नाम पर रुपये वसूलता था, फिर फरार हो जाता था। मार्च 24 में कुशीनगर के तमकुही रोड निवासी उमाशंकर प्रसाद ने विजयीपुर थाने में दोनों आरोपियों पर ठगी का केस दर्ज कराया था।
इसके अलावा कई लोगों ने भी दोनों पर ठगी करने की शिकायत की थी। पीड़ितों की शिकायत पर विजयीपुर पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर सोमवार की सुबह घेराबंदी कर पटखौली बलवा गांव से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से कुछ दस्तावेज और ठगी से जुड़े सबूत मिले हैं।
प्रभारी थानाध्यक्ष विजयीपुर प्रमोद पुष्प ने बताया कि करीब एक साल से फरार चल रहे ठगी के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन पर बिहार और उत्तर प्रदेश में लाखों की ठगी का आरोप है।