पडरौना। रामकोला थाना क्षेत्र के गोबरही बाजार चौराहे से रविवार की रात असलहे के बल पर दो नर्तकियों को लक्जरी गाड़ियों से उठाकर ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आठ में छह आरोपियों को पुलिस ने उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। जबकि फरार दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। फरार दोनों आरोपियों पर एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा था। पैर में गोली लगने से घायल दोनों आरोपियों का मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया गया। दोपहर बाद दोनों को व्हीलचेयर पर लेकर पुलिसकर्मी एसपी कार्यालय पहुंचे। दोनों आरोपी कान पकड़कर माफी मांग रहे थे।
गोबरही बाजार से रविवार की रात असलहा के बल पर फायरिंग करते हुए दो लक्जरी गाड़ियों से आरोपी दो नर्तकियों को अगवा कर हाईवे के रास्ते कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सोहनी गणेश चौक के समीप अजीत सिंह के मकान पर ले गए। रास्ते भर मनबढ़ों ने पिस्टल से फायरिंग की और दहशत फैलाते हुए नर्तकियों से छेड़छाड़ की। गणेश चौक स्थित अजीत सिंह के मकान पर आरोपियों ने दुष्कर्म किया।
रामकोला थाने की सूचना पर कप्तानगंज थाने की पुलिस पीछा करते हुए करीब डेढ़ घंटे के बाद गणेश चौक पहुंची, जहां से पुलिस ने नर्तकियों को बरामद करते हुए छह आरोपी नागेंद्र यादव निवासी शिवपुर गनेशपुर थाना रूद्रपुर जनपद देवरिया हाल मुकाम फर्टिलाईजर रोड झुंगिया गेट थाना चिलुआताल गोरखपुर, अश्वन सिंह निवासी विशुनपुरा थाना पिपराइच जिला गोरखपुर, कृष तिवारी निवासी मेडिकल कालेज झुंगिया गेट नरायन नगरी सेमरा नंबर-दो थाना चिलुआताल गोरखपुर, आर्थक सिंह निवासी बरही कोठी थाना कैंट गोरखपुर, अजीत सिंह निवासी सोहनी थाना कप्तानगंज कुशीनगर व डॉ. विवेक सेठ निवासी फर्टिलाइजर रोड झुंगिया गेट गोरखपुर थाना चिलुआताल को गिरफ्तार कर लिया था।
मौके से दो आरोपी फरार हो गए थे। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई थीं। दोनों आरोपियों के रामकोला थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के ग्राम परोरहा में नहर के पास बाइक सवार दो लोग आते दिखे। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। दोनों बदमाशों को पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। पकड़े गए बदमाशों की पहचान निसार अंसारी निवासी धोधरही थाना रामकोला व आदित्य साहनी निवासी बभनौली थाना कप्तानगंज के रूप में हुई है। दोनों नर्तकियों को अगवा कर उनके साथ गैंगरेप की घटना में शामिल रहे हैं। दोनों के पास से अवैध पिस्टल, तीन मोबाइल, बिना नम्बर प्लेट की बाइक बरामद किया गया है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया।
0
व्हीलचेयर पर पहुंचे आरोपी, गुनाहों की मांग रहे थे माफी :
पैर में गोली लगने से घायल दोनों आरोपियों का मेडिकल कॉलेज में उपचार के बाद उन्हें व्हीलचेयर पर एसपी कार्यालय लाया गया। गेट से लेकर जब पुलिसकर्मी अंदर जाने लगे तो दोनों आरोपी दया की भीख मांगते नजर आए। दोनों आरोपी कान पकड़कर यह कहते सुने गए कि गलती हो गई...माफ कर दो। तकरीबन पांच मिनट तक अपने गुनाहों की माफी मांगते हुए आरोपी एसपी कार्यालय के सभागार में पहुंचे। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए मीडिया को घटना के संबंध में जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाश शातिर हैं। पहले से इनके खिलाफ रामकोला और कप्तानगंज थाने में तीन-तीन केस दर्ज थे। रामकोला थाने में भी इनके खिलाफ चौथा केस दर्ज किया गया था। जबकि पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में भी दोनों पांचवां केस सोमवार की रात दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने बरामद लक्जरी गाड़ियों व बाइक को सीज कर दिया है। इसके अलावा चार अवैध पिस्टल, एक रिपीटर गन, बरामद मोबाइल फोन को भी सीज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
0
मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल :
रामकोला एसओ आनन्द कुमार गुप्ता, साइबर थाने के इंस्पेक्टर मनोज कुमार पंत, पडरौना इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार सिंह, कप्तानगंज एसओ राजकुमार बरवार, स्वाट टीम प्रभारी आलोक यादव, एसएसआई सुभाष चन्द्र वत्स, एसआई रंजीत सिंह, अनिल यादव, हेड कांस्टेबल हिमांशु सिंह, बिजली सिंह, कांस्टेबल जयहिन्द यादव, शिवबदन यादव, चन्दन कुमार, विन्ध्याचल यादव शामिल रहे। पुलिस टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए एसपी ने 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया है।