पडरौना। तरयासुजान थाना क्षेत्र के मठिया श्रीराम गांव में आठ अक्तूबर को पुरानी रंजिश को लेकर अवैध असलहे से एक व्यक्ति को जान से मारने की कोशिश में फरार दोनों आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का आपराधिक इतिहास है।
एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि आठ अक्तूबर को मठिया श्रीराम गांव निवासी नागेंद्र पांडेय को गांव के ही बृजमोहन पांडेय व जितल उर्फ जितेंद्र पांडेय ने अवैध असलहा से जान मारने की नीयत से फायर कर दिया था। उसके बाद से दोनों फरार थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से अवैध असलहा व कारतूस भी बरामद कर लिया गया है। बृजमोहन पांडेय के खिलाफ विभिन्न थानों में 11 मामले दर्ज हैं तो जित्तल उर्फ जितेंद्र के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं। दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया।