पडरौना। प्रसव पीड़ा होने पर एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज आ रही प्रसूता ने एंबुलेंस में ही जुड़वां बच्चे को जन्म दे दिया। इससे परिजन घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। ईएमटी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों नवजात को कपड़े में लपेटा और चिकित्सकीय सहायता दी। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर एक नवजात को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को एसएनसीयू में भर्ती कर दिया। प्रसूता की तबीयत ठीक बताई। तीन घंटे एसएनसीयू में रखने के बाद नवजात को स्वस्थ बताते हुए डिस्चार्ज कर दिया।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के लमुआ केवल छपरा की सोनू की बेटी बबली देवी कुछ दिन पहले मायके आई थी। मंगलवार की भोर में प्रसव पीड़ा होने पर घर वाले 102 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे। घर से कुछ ही दूर एंबुलेंस पहुंची थी कि बबली ने जुड़वा बच्चों को जन्म दे दिया। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी ने नवजात को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित कपड़े में लपेटा। मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में डॉक्टर मौजूद डॉक्टर ने एक नवजात को मृत घोषित कर दिया और दूसरे को एनआईसीयू में भर्ती कराया। करीब तीन घंटे तक नवजात डॉक्टरों की निगरानी में रहा। इसके बाद डॉक्टर ने उसे स्वस्थ बताते हुए घर जाने की सलाह दी। सीएमएस डॉ. एचएस राय ने बताया कि एंबुलेंस में जुड़वा बच्चे को महिला ने जन्म दिया था। एक की मौत हो गई थी, दूसरा नवजात स्वस्थ था। उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।