खड्डा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी के साथ मारपीट के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को अस्पताल सीज कर दिया। साथ में पुलिस भी मौजूद थी। इनके पहुंचने से पहले अस्पताल के लोग वहां से जा चुके थे। यह अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के ही संचालित किया जा रहा था।
शुक्रवार की शाम तकरीबन चार बजे डॉ. पीएन गुप्ता और एपी राय पुलिस के साथ तुर्कहां स्थित उस अस्पताल पर पहुंचे, जहां खड्डा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता और उनके सहयोगियों की पिटाई हुई थी। अस्पताल का पूरा स्टाफ नदारद था। स्वास्थ्य टीम ने विभागीय कार्रवाई के बाद अस्पताल सीज कर दिया। इस मामले में प्रभारी चिकित्साधिकारी की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर दो व्यक्तियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। डॉ. एपी राय का कहना था कि अस्पताल सीज कर इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जा रही है।