ट्रक से कुचलकर बाइक सवार की मौत
रामकोला कस्बे की घटना, ट्रक और चालक को पुलिस थाने ले गई
रामकोला। शुक्रवार की शाम रामकोला कस्बे में ट्रक की चपेट में आने के बाद बाइकसवार उसके नीचे आ गया। ट्रक उसके ऊपर से गुजर जाने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक और चालक को पुलिस अपने साथ थाने लेकर चली गई।
रामकोला थाना क्षेत्र के चंदरपुर लखिया निवासी 45 वर्षीय रामानंद शुक्रवार की शाम को बाजार करने कस्बे में बाइक से आए थे। शाम को करीब साढ़े पांच बजे रामकोला चौराहे पर बगल से गुजर रहे ट्रक के धक्के से उसके नीचे गिर पड़े, जिससे ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया। रामानंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद वहां भीड़ जुट गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही एसओ संजय कुमार मिश्र पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक को थाने में लाकर खड़ा कर दिया गया। चालक भी पुलिस के कब्जे में है।
दुर्घटना में साइकिल और बाइक सवार घायल
जानकीनगर। शुक्रवार को जानकीनगर चौराहे पर साइकिल और बाइक की टक्कर में दोनों चालक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जिगना गांव के निवासी विश्वकर्मा वर्मा (55) दोपहर में साइकिल से घर जा रहे थे। वह जानकीनगर चौराहे पर पहुंचे थे कि सामने से आ रहे बाइकचालक राकेश शर्मा (22) निवासी कसया की आमने सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां राकेश शर्मा की हालत चिंताजनक बताते हुए डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि विश्वकर्मा शर्मा का पैर टूट गया था, उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।